78वें स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!

सभी साथियों को 78वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। 15 अगस्त 1947 देश ब्रिटिश हुकूमत से आज़ादी की तारीख़ है। इस दिन को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह एक ऐसी तिथि है जहाँ से एक स्वतंत्र देश के रूप में हमारी यात्रा शुरू होती है। भारत को स्वतंत्रता एक लंबे संघर्ष के बाद मिली है और इसके लिए वीर शहीदों ने अनगिनत कुर्बानियां दी हैं। वीर शहीदों के त्याग और शौर्य को रेखांकित करने और उससे प्रेरणा लेकर देश को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के पथ पर सतत प्रयासरत ही एक नागरिक के रूप में हमारी जिम्मेदारी है।
स्वतंत्रता दिवस के इस त्योहार की एक ख़ास बात है कि यह राष्ट्रीय पर्व होने के साथ-साथ एक लोक उत्सव भी है। ‘जो शहीद हुए हैं उनकी, जरा याद करो कुर्बानी’ यह पंक्तियां जब भी कानों में पड़ती है तो हमारे भीतर के देश प्रेम की भावना जीवंत हो उठती है। लेकिन यह केवल एक भाव भर नहीं, वरन एक संजीवनी शक्ति है जो विविधिताओं से भरे देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले हर आयु वर्ग के लोगों को एकता के एक सूत्र में पिरोती है।
आज एक बेटी अपने पिता के साथ स्कूटी पर बैठकर जा रही थी, स्कूटी पर तिरंगा लगा था, उसके पापा उसे हाथ के इशारे से इस त्योहार के मौके पर शहर में होने वाली अलग-अलग गतिविधियों से परिचित करा रहे थे। यह दृश्य उन सुंदरतम दृश्यों में से है जहाँ से देश के प्रति अपनेपन का भाव और प्रेम सहज व स्वाभाविक रूप में विकसित होता है। विभिन्न जगहों पर तिरंगे की दुकानों पर लोगों का आना और बच्चों के लिए तिरंगा, गुब्बारे और अन्य चीज़ें खरीदना भी आज सड़कों के किनारे दिखने वाले चीज़ों में एक आम बात लगी। कुछ लड़कियां साइकिल पर बैठकर एक समूह में जा रही थीं, सभी की साइकिल पर तिरंगे लगे थे, ऐसे सिलसिले का होना इस स्वतंत्रता दिवस के उत्साह व उमंग को रेखांकित करता है।
78वां स्वतंत्रता दिवस मनाते हुए महसूस होता है कि एक स्वतंत्र देश के रूप में भारत ने एक लंबी यात्रा तय की है। लेकिन अभी भी बहुत सा सफर बाकी है। आप जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हैं देश को बेहतर बनाने में अपना स्वाभाविक योगदान देते रहें। सभी शिक्षकों, शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले साथियों और आम नागरिकों को एक बार फिर से स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।